
अल्मोड़ा। विकासखंड हवालबाग में शनिवार को ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने व्यापक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में सदाबहार प्रजाति के पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख हिमानी कुंडू ने की। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने गुरु, माता-पिता या किसी प्रेरणास्रोत के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि उत्तराखंड को और अधिक हराभरा बनाया जा सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ पौधरोपण से हुआ। इस दौरान मौजूद लोगों ने पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर विकसित हों। उन्होंने पर्यावरण संतुलन, जल स्रोतों के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
खंड विकास अधिकारी संतोष जेठी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पौधरोपण के साथ उनका संरक्षण भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
सहायक खंड विकास अधिकारी रमेश सिंह कनवाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक चुनौती बन चुका है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बेह, विमल कुमार, नवीन चंद्र पंतोला, प्रकाश चंद जोशी, विवेक कुमार, संजय कुमार, विधि पंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने और अधिकाधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।

