
हल्द्वानी(आरएनएस)। जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा में अधूरी और जर्जर सड़क के कारण हो रहे जलभराव से परेशान लोगों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। लोगों ने सड़क पर जमा बारिश के पानी में धान की पौध रोपकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 20 दिनों से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और ठेकेदार समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। बारिश होने पर सड़क पर पानी जमा हो जाता है और निकासी की व्यवस्था न होने के कारण पानी घरों में घुस रहा है।कई लोगों को अपने घरों के गेट पर दीवार बनाकर बारिश के पानी को रोकना पड़ रहा है। इससे लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। शुक्रवार को लक्ष्मीकांत के नेतृत्व में क्षेत्र के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता ललित भट्ट भी पहुंचे और लोगों की समस्या सुनी। लोगों ने कहा वार्ड-36 में कई स्थानों पर काम कराने के नाम पर सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। हर छह महीने में किसी न किसी काम के बहाने सड़क को खोदकर छोड़ दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में अरविंद कुमार गुप्ता, दीपा देवी, मीना देवी, हेमा देवी, पुष्पा देवी, गीता देवी, शिवांश शर्मा, जसूली देवी, राम सिंह, रमेश राम, गोपाल राम, अनुजदीप, गोपाल सिंह, दीपा बिष्ट आदि शामिल रहे।

