
अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा से सटे मालगांव में गुलदारों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में रविवार सुबह एक गुलदार कैद हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद आसपास दो अन्य गुलदार दिखाई देने से लोगों की चिंता और बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि एक गुलदार के पकड़े जाने के बावजूद क्षेत्र से खतरा अभी टला नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से गुलदार दिनदहाड़े गांव और रिहायशी इलाके के आसपास घूमते दिखाई दे रहे थे। लगातार शिकायतों के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। रविवार सुबह उसमें एक गुलदार के फंसने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कैद गुलदार को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
हालांकि, लोगों को राहत की उम्मीद तब धूमिल हो गई जब दिन के समय ही उसी क्षेत्र में दो अन्य गुलदार विचरण करते दिखाई दिए। ग्रामीणों ने दोनों गुलदारों का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में कैद किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों गुलदार रिहायशी क्षेत्र के आसपास घूमते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही गांव में भय का माहौल बन जाता है और लोग बच्चों तथा मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और अन्य गुलदारों को भी पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
वन विभाग की टीम कैद किए गए गुलदार को अपने साथ ले गई है। वहीं क्षेत्र में अन्य गुलदारों की मौजूदगी को देखते हुए विभाग की ओर से निगरानी बढ़ाए जाने की संभावना है।

