
हरिद्वार(आरएनएस)। कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बेकाबू कार ने तीन गायों को कुचल दिया। घटना के बाद कार को मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, देर रात एक कार बैरागी कैंप क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क पर मौजूद तीन गायें कार की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे में शामिल कार एक समाजसेवी से जुड़ी बताई जा रही है। हालांकि, हादसे के समय कार कौन चला रहा था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही वाहन चालक की पहचान और हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। घटना की सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

