
नैनीताल(आरएनएस)। नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर गड्ढों को भरने के नाम पर मिट्टी डाले जाने से बारिश के बाद सड़क पर फिसलन बढ़ गई है। मिट्टी पानी के साथ कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।बताया जा रहा है कि बीते दिनों भीमताल में हुई बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों को सड़कों पर बने गड्ढों को भरने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभिन्न मार्गों पर गड्ढे भरने का काम शुरू किया गया। इसी क्रम में नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर रूसी और एरीज मोड़ के समीप भी गड्ढे भरे गए।
हालांकि, यहां गड्ढों में मिट्टी डाल दी गई। बारिश के बाद यही मिट्टी कीचड़ में बदल गई, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई है। क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे समेत ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गड्ढों में मिट्टी डालने से समस्या कम होने के बजाय और बढ़ गई है। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने से हादसा होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने सड़क पर डाली गई मिट्टी को हटाकर गड्ढों को उचित सामग्री से भरने की मांग की है। एनएचएआई के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क के गड्ढे भरने के लिए मिट्टी डालने से मना किया गया है। यदि सड़क पर मिट्टी डाली गई है तो संबंधितों से जवाब मांगा जाएगा।


