
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर में गुरुवार को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के तहत ‘खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ’ विषय पर विशेष आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और माय भारत, अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और खेलों के प्रति जागरूकता एवं उत्साह विकसित करना रहा। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय हॉकी खिलाड़ी दीपक सिंह दिमोलिया को युवा खेल आइकन के रूप में सम्मानित किया गया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मानसिक दृढ़ता विकसित करते हैं। प्रधानमंत्री ने ‘खेलो इंडिया’ अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने वर्ष 2036 के प्रस्तावित ओलंपिक खेलों का उल्लेख करते हुए युवाओं से अभी से समर्पण और निरंतर अभ्यास के साथ तैयारी करने का आह्वान किया। साथ ही आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, माय भारत अल्मोड़ा के एपीएस फरमूद अख्तर, विश्वविद्यालय एनएसएस समन्वयक डॉ. देवेंद्र सिंह धामी, विश्वविद्यालय क्रीड़ा प्रभारी लियाकत अली सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 100 से अधिक स्वयंसेवियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन माय भारत की स्वयंसेवी दिव्या जोशी ने किया।

