
ऋषिकेश। भूमि और पारिवारिक विवादों में कथित हस्तक्षेप कर लोगों को धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह के खिलाफ ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरोह के सरगना जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई कार्रवाई का खुलासा रविवार को किया गया। पुलिस के अनुसार जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह संचालित करता था, जो भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट करने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से अवैध वसूली करता था।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य लोगों के घरों में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी देते थे। इनके खौफ के कारण कई लोग शिकायत दर्ज कराने से भी डरते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2016 से 2026 के बीच गिरोह के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में भय का माहौल पैदा करने के कारण गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा, प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जगजीत की निशानदेही पर उसके घर से ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ लिखा बोर्ड भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी इसी बोर्ड के जरिए अपना प्रभाव और दबदबा दिखाकर लोगों को भयभीत करता था।
मामले में नामजद रवि गुप्ता अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और गिरोह की अन्य गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।

