
पिथौरागढ़। जिला प्रशासन की पेपरलेस शिकायत निवारण व्यवस्था ‘हैलो हेल्प पिथौरागढ़’ आमजन के लिए प्रभावी मंच बनकर उभर रही है। 15 मई 2026 से शुरू की गई इस पहल के माध्यम से अब तक 562 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 352 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई की पहल पर शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत नागरिक फोन, व्हाट्सएप और ई-मेल के माध्यम से बिना सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाए अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रही है। स्थानीय भाषा में शिकायत दर्ज कराने की सुविधा ने भी लोगों के लिए प्रक्रिया को और आसान बनाया है।
प्रशासन के अनुसार शिकायत दर्ज होने के बाद उसके निस्तारण की नियमित निगरानी की जाती है। समाधान होने पर शिकायतकर्ता से फोन के माध्यम से फीडबैक लेकर उसकी पुष्टि की जाती है। यदि शिकायत का समाधान नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी से तत्काल संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाती है।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि ‘हैलो हेल्प पिथौरागढ़’ का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि प्रत्येक वास्तविक समस्या का संवेदनशील और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया इस व्यवस्था के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि ‘हैलो हेल्प’ के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनपदवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक फोन, व्हाट्सएप और ई-मेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
हैलो हेल्प पिथौरागढ़ : 9458144651
ईमेल – hellohelp.pithoragarh@gmail.com



