
देहरादून। राजधानी में बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस शनिवार को सड़क पर उतर आई। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “जन सुरक्षा न्याय मार्च—सुरक्षित राजधानी, जवाबदेह सरकार” निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं, ईसी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर महंगी चीनी और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
पथरीबाग से लाल पुल तक निकला मार्च
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पथरीबाग चौक से लाल पुल चौक तक जन सुरक्षा न्याय मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने राजधानी में बढ़ते गोलीकांड और कथित तौर पर बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देहरादून के लोगों को भय के माहौल में नहीं, बल्कि सुरक्षित वातावरण में रहने का अधिकार है। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी तय करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
मार्च में रीठामंडी पार्षद इताद खान, वसीम मकरानी, आदर्श सूद, कैलाश ठाकुर, मनीष धीमान, सतेंद्र, गगन चाचर, मुरसलीन, हरिशंकर, समीर कुमार, अनिल शर्मा, लक्ष्य गोयल, अभिनव, अभिषेक डोबरियाल, गौरव रावत, नितिन उनियाल, विकास यादव, उदय यादव, सोनू, कुसुम रावत, अनीता सकलानी, रुचि रौतेला, नंदिता गढ़िया, अनुराधा, बबीता, सीमा और विजया समेत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय लोग शामिल हुए।
महंगी चीनी और एथेनॉल पेट्रोल पर भी घेरा
ईसी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान “वाह रे मोदी तेरा खेल, खा गया चीनी पी गया तेल” जैसे नारे लगाए गए।
धस्माना ने केंद्र की एथेनॉल नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहन मालिकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि गन्ने का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन में बढ़ने से चीनी उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिसका असर कीमतों पर पड़ा है। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस की ओर से लगाए गए हैं।
धस्माना ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर आम आदमी पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने गरीबों की थाली से भोजन और चाय की प्याली से मिठास छीन ली है।
प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान
धस्माना ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में महंगी चीनी और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। जिलों, शहरों, ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर प्रदर्शन और धरने आयोजित करने की घोषणा की गई।
प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल पंप पर पुलिस बल तैनात रहा। इस मौके पर मदन लाल, दिनेश कौशल, संगीता गुप्ता, मुकीम अहमद, राजेश पुंडीर, राजेश उनियाल, इलियास अंसारी, सुशीला शर्मा, कमर सिद्दीकी, विनोद कुमार, आनंद सिंह पुंडीर, यामीन खान, पूनम पुंडीर, अनिता दास, सुशील डोभाल, सोनू काजी, प्रमोद गुप्ता और अनुराग गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


