
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में स्कूटी सवार 26 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला घायल है। पुलिस ने कार चालक और उसके साथी को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची राजपुर थाना पुलिस को यूपी-14-डीई-0052 नंबर की आई-20 कार सड़क किनारे क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। वहीं स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार नैना राजपूत और निधि कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान नैना राजपूत ने दम तोड़ दिया। घायल निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव और उसके साथी हाशिम को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने दावा किया कि वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में सीज कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की गहन जांच की जा रही है।


