
रुद्रपुर(आरएनएस)। किच्छा से कैश कलेक्शन कर घर लौट रहे कर्मचारी से हुई 12.5 लाख की लूट का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 2.10 लाख रुपये बरामद हुए हैं। गुरुवार को एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि मलसी निवासी विनीत पाठक कैश कलेक्शन का काम करते हैं। आठ अगस्त को वह किच्छा से कलेक्शन कर घर लौट रहे थे।इसी दौरान रास्ते में बाइकों पर सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 12.50 लाख रुपये थे। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने ग्राम पसियापुर आंगनबाड़ी पोस्ट नवाबगंज, थाना बिलासपुर रामपुर निवासी प्रिंस उर्फ प्रिंसदीप सिंह पुत्र हरपाल सिंह, हरपाल सिंह पुत्र स्व. गुरनाम सिंह, निवासी ग्राम पांडेय निवाड़, हल्द्वानी, नैनीताल निवासी हरजीत सिंह पुत्र स्व. बलवीर सिंह और ग्राम कोपा किरपाली गूलरभोज, थाना गदरपुर निवासी सतपाल सिंह पुत्र जगीर सिंह को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संरक्षण में लिए गए नाबालिग ने ही लूट की योजना तैयार की थी। इसके बाद उसने अन्य आरोपियों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया। वहीं गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में शामिल चार अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बगवाड़ा निर्मल सिंह लटवाल, एसआई मोहन चंद्र जोशी, चौकी प्रभारी रम्पुरा दीपक कौशिक, चौकी प्रभारी बाजार प्रदीप कुमार कोहली, कांस्टेबल प्रवीन कुमार, ललित मोहन, नवीन गिरी, हरीश मेहरा, देवेंद्र तोम्क्याल, गणेश गिरी और महेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।
