
देहरादून(आरएनएस)। रायपुर क्षेत्र में एक महिला ने घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर दी। महिला की शादी डेढ़ महीने पहले ही हुई थी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस के अनुसार, शनिवार को सूचना मिली कि विकास लोक सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र स्थित मकान में एक महिला के द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला का शव बिस्तर पर रखा था। पुलिस के आने से पहले ही परिजनों ने शव पंखे से नीचे उतार दिया था। महिला की पहचान हेमलता उम्र 27 पत्नी विक्की के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार उसकी शादी 26 जून को विक्की से हुई थी। पुलिस के अनुसार मौके पर मायका और ससुराल पक्ष के लोग मौजूद थे। आत्महत्या किए जाने के संबंध में कोई संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। मृतिका के शादी को मात्र डेढ़ माह होने के कारण मौके पर नायब तहसीलदार द्वारा पंचायतनामे की कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आत्महत्या के कारणों के संबंध में मृतका के परिजनों, मित्रों से पूछताछ की जा रही है। एसओ संजीत कुमार ने बताया कि महिला का पति पुताई का काम करता है।

