
अल्मोड़ा। ग्रामोत्थान रीप परियोजना के अंतर्गत उगता सूरज स्वायत्त सहकारिता, टकोली की वार्षिक आमसभा गुरुवार को दन्या स्थित वैष्णवी होटल में आयोजित हुई। कार्यक्रम में महिलाओं को स्वरोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के लिए प्रेरित किया गया, जबकि सहकारिता से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट और खंड विकास अधिकारी ममता कार्की ने किया। सहायक परियोजना प्रबंधक संदीप सिंह ने ग्रामोत्थान रीप परियोजना की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए महिलाओं से एकल उद्यमों को बड़े स्तर पर विकसित करने और आजीविका के नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। आमसभा की अध्यक्षता सहकारिता की अध्यक्षा दीपा देवी ने की। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 का विस्तृत आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया तथा सदस्यों के बीच 51,300 रुपये का लाभांश वितरित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ स्वयं सहायता समूहों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य भावना जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा जोशी, ग्राम प्रधान खष्टी देवी, ग्राम प्रधान पदमा गैड़ा, मूल्यांकन एवं अनुश्रवण वित्त सहायक गौरव पाठक, आजीविका समन्वयक मनोज बोरा सहित बड़ी संख्या में सहकारिता से जुड़ी महिलाएं और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
