
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने वन विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के 19 अधिकारियों का तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सचिव सी. रविशंकर की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय सिविल सर्विस बोर्ड की संस्तुति और मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। शासन का उद्देश्य वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और विभागीय प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।
आदेश के तहत वन मुख्यालय स्तर पर भी कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। प्रमुख वन संरक्षक (एचओएफएफ) कपिल लाल से कैंपा (CAMPA) का प्रभार वापस लिया गया है। पीसीसीएफ नीना ग्रेवाल को प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) के साथ उत्तराखंड वन विकास निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त दायित्व यथावत सौंपा गया है। अपर प्रमुख वन संरक्षक बी.के. गांगटे को कैंपा के साथ वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण का दायित्व दिया गया है, जबकि सुरेंद्र मेहरा को नियोजन के साथ सतर्कता एवं विधि प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी मिली है। वन पंचायत का प्रभार अब सुशांत कुमार पटनायक को सौंपा गया है। चंद्रशेखर सनवाल को नोडल कार्यालय तथा नीतू लक्ष्मी को अपर सचिव, वन विभाग नियुक्त किया गया है। उनकी जगह कल्याणी को यमुना वृत्त का प्रभार मिला है।
उप वन संरक्षक (डीएफओ) स्तर पर भी बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। अमित कंवर को मसूरी से चकराता, वैभव कुमार सिंह को चकराता से देहरादून, नीरज कुमार को देहरादून से उत्तराखंड वन विकास निगम, हिमांशु वागड़ी को तराई पूर्वी से टिहरी, दीपक सिंह को अल्मोड़ा से तराई पूर्वी, आशुतोष सिंह को पिथौरागढ़ से टोंस, पुनीत तोमर को टिहरी से तराई पश्चिमी, जीवन मोहन दगाडे को लैंसडौन से उत्तरकाशी, अभिमन्यु को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क से अल्मोड़ा, आदित्य रत्न को बागेश्वर से पिथौरागढ़, रजत सुमन को रुद्रप्रयाग से केदारनाथ वन प्रभाग, प्रणाली रमेश को नोडल कार्यालय से बद्रीनाथ वन प्रभाग, प्रकाश चन्द्र आर्य को तराई पश्चिमी से बागेश्वर तथा देवी प्रसाद बलूनी को उत्तरकाशी से मसूरी भेजा गया है।
वर्ष 2024 बैच के आईएफएस अधिकारियों को भी पहली महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पंडित शिरीन संजय को राजाजी राष्ट्रीय उद्यान में उप निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं विनीत कुमार को रुद्रप्रयाग, ढिनो पुरुषोत्तमन को चम्पावत, गौरव वर्मा को लैंसडौन वन प्रभाग और यश ढोबले को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क (जोशीमठ) में उप वन संरक्षक के पद पर तैनाती मिली है।
शासन का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार, बेहतर समन्वय और वन संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी। सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
