
देहरादून(आरएनएस)। राजपुर रोड स्थित एक जीवन बीमा कंपनी में कार्यरत महिला से छेड़छाड़, पीछा करने और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में रायपुर थाना पुलिस ने एक दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी ने पहले पीड़िता के घर में घुसकर छेड़छाड़ की, फिर अपनी पत्नी के साथ मिलकर महिला के परिजनों और बॉस को तस्वीरें भेजकर उसे बदनाम करने की कोशिश की। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि बताया कि पीड़िता ने तहरीर दी। कहा कि उसकी कंपनी में काम करने वाला अमरदीप सिंह पिछले कुछ समय से उसका पीछा कर रहा था। आरोप है कि एक दिन नशे की हालत में वह पीड़िता के घर घुस गया और अश्लील हरकतें की। परेशान होकर महिला ने अप्रैल 2026 में मयूर विहार चौकी में शिकायत दी थी। तब आरोपी और उसकी पत्नी सोनम ने चौकी में लिखित माफीनामा देकर भविष्य में परेशान न करने का वादा किया था। इसके बाद अमरदीप ने पीड़िता की फेसबुक आईडी से कुछ तस्वीरें डाउनलोड कर लीं। उसकी पत्नी सोनम ने ये तस्वीरें पीड़िता के पति और उच्च अधिकारियों को भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। बीती 30 जुलाई को आरोपी की पत्नी ने पीड़िता के ससुराल पहुंचकर उसके सास-ससुर के साथ भी गाली-गलौज और अभद्रता की। दोनों आरोपी अब पीड़िता को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे दहशत में आकर महिला का दफ्तर जाना भी मुश्किल हो गया है। एसओ संजीत कुमार ने बताया कि अमरदीप और उसकी पत्नी सोनम निवासी जाखन, राजपुर रोड के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
