
देहरादून। सोशल मीडिया पर रौब जमाने और वायरल होने की चाह एक युवक को हवालात तक ले गई। कमर में पिस्टल जैसी दिखने वाली गैस लाइटर लगाकर बाइक चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी बाइक सीज कर दी।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह राजपुर रोड पर बाइक चलाते समय कमर में पिस्टल जैसी वस्तु लगाए दिखाई दे रहा था। वीडियो से आम लोगों में दहशत का माहौल बनने पर पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर युवक की पहचान कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान 18 वर्षीय गौरव कुमार पुत्र सिताब सिंह, निवासी हिम्मतनगर, सहारनपुर के रूप में हुई। उसने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रभाव जमाने और वीडियो बनाने के लिए उसने एक ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से पिस्टलनुमा गैस लाइटर खरीदा था। जिसे लोग असली हथियार समझ रहे थे, वह वास्तव में गैस लाइटर निकला।
पुलिस ने गैस लाइटर जब्त कर आरोपी की मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। एसएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
