
अल्मोड़ा। उत्तराखंड शासन ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों, निदेशक और एक प्रोफेसर के तबादले किए हैं। इस क्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा का तबादला रुद्रपुर कर दिया गया है, जबकि हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल को अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का नया प्राचार्य बनाया गया है।
शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के अनुसार चिकित्सा शिक्षा प्रभार के निदेशक डॉ. अजय कुमार आर्या को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना को चिकित्सा शिक्षा प्रभार का निदेशक बनाया गया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार के प्राचार्य डॉ. चंद्रमोहन सिंह रावत का तबादला राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर किया गया है। इसी तरह हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. पंकज सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है।
शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई राजकीय मेडिकल कॉलेजों में नए नेतृत्व की जिम्मेदारी तय हो गई है।

