
अल्मोड़ा। सहायक वन कर्मचारी संघ, अल्मोड़ा शाखा का द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को वन चेतना केंद्र में आयोजित किया गया। अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया, जिसमें हरेंद्र सिंह सतवाल को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।
नई कार्यकारिणी में संजय जोशी को महामंत्री, अंकित डंगवाल को उपाध्यक्ष, इंद्रा मर्तोलिया को महिला उपाध्यक्ष, अमित सिंह भैसोड़ा को संगठन मंत्री, भास्कर नाथ महंत को कोषाध्यक्ष, शंकर सिंह बिष्ट को संरक्षक तथा सतपाल सिंह और सतेंद्र सिंह नेगी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव प्रक्रिया वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट और उप वन क्षेत्र अधिकारी जीत सिंह रावत की देखरेख में संपन्न हुई। अधिवेशन में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर भी चर्चा की गई तथा पांच प्रमुख प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
संघ ने सहायक वन कर्मचारियों का ग्रेड पे 2800 रुपये से बढ़ाकर 4200 रुपये किए जाने, पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने, 24 घंटे कार्य प्रणाली को देखते हुए 13 माह का वेतन दिए जाने, चंपावत में वन दरोगा पवन सिंह महरा के साथ हुई अभद्रता और मारपीट के मामले में दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने तथा जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले वन कर्मियों को जोखिम भत्ता और आत्मरक्षा के लिए शस्त्र उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
अधिवेशन में रानू कनवाल, देवेंद्र प्रसाद, कनकलता, मनीषा सुप्याल, विनोद कुमार, सत्येंद्र सिंह नेगी, कृपाल गिरी गोस्वामी, ऋषभ सेमवाल, कार्तिक मधुकर सहित बड़ी संख्या में वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

