
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार शाम ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाते समय चार कांवड़ यात्रियों की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों के शव गंगनहर से बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, जटवाड़ा पुल के पास चार युवकों के गंगनहर में डूबने की सूचना मिलने पर जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने संयुक्त अभियान चलाकर चारों को बाहर निकाला और जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शिवांशु (16) पुत्र पवन सिंह, नीतेश पुत्र राजेश, भरत पुत्र हरीश निवासी सेक्टर-16/30, चंडीगढ़ तथा रोहित पुत्र भवानी प्रजापति निवासी सेक्टर-26, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चारों युवक कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार आए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
