
देहरादून(आरएनएस)। झूलती हाई टेंशन लाइन का करंट लगने से 35 वर्षीय युवक को अपने दोनों हाथ गंवाने पड़े। मामले में कोर्ट के आदेश पर पटेलनगर कोतवाली में यूपीसीएल के तत्कालीन प्रबंध निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मूल रूप से रुद्रप्रयाग जिले के त्युंखर गांव निवासी पिंकू लाल वाहन चालाते थे। उन्होंने अपने अधिवक्ता सोवेंद्र सिंह राणा और नवीन चमोली के जरिए कोर्ट में अपील की। बताया कि 23 अक्तूबर 2023 की दोपहर करीब तीन बजे वह रिस्पना से करगी चौक के पास इंडिया फैब्रिकेशन इंटीरियर के समीप सामान छोड़ने गए थे। गाड़ी सड़क किनारे लगाकर जैसे ही वह बाहर निकले वहां मानकों के विपरीत झूल रही 33 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गए। बिजली का तेज झटका उनके शरीर में लगा। उन्हें तुरंत पटेलनगर स्थित अस्पताल ले जाया गया। जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में लंबा इलाज चला। जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उनके दोनों हाथ काटने पड़े। इस हादसे के कारण पीड़ित को गंभीर शारीरिक विकलांगता और मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी।
पुलिस ने सीधे नहीं दर्ज किया केस
स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर पीड़ित ने मामले में केस दर्ज कराने के लिए पटेलनगर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। डाक के माध्यम से एसएसपी देहरादून को भी शिकायत भेजी गई। तब केस न होने पर न्यायालय से केस दर्ज कराने की मांग की गई। एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर मामले में घटना के करीब तीन साल बाद गुरुवार को यूपीसीएल के एमडी के खिलाफ केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
