
रानीखेत। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मंगलवार को मर्चूला क्षेत्र में विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत फायर सर्विस, राजस्व विभाग, विद्युत विभाग और जल संस्थान की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संयुक्त टीम ने स्टार्लिंग होटल, सलूना होटल, ला टिगरे होटल, वाइल्ड विस्टा होटल और टेरा ट्रैक का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत वायरिंग, फायर अलार्म सिस्टम तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान होटल संचालकों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने, आग लगने की स्थिति में तत्काल अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा प्राथमिक कार्रवाई की जानकारी दी गई। वहीं वाइल्ड विस्टा होटल में अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।
