
अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा के झिझाड़ और पांडेखोला वार्ड में डस्टबिन वितरण नहीं होने पर दोनों वार्डों के पार्षदों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम अन्य वार्डों में डस्टबिन वितरित कर रहा है, जबकि उनके वार्डों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि डस्टबिन नहीं मिलने से दोनों वार्डों के लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। पार्षदों ने मांग की कि झिझाड़ और पांडेखोला वार्ड में भी जल्द डस्टबिन वितरित किए जाएं, ताकि स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
पार्षदों ने डस्टबिन वितरण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह कार्य पर्यावरण मित्रों से कराया जा रहा है, जिससे उनके नियमित कार्यों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारी का बोझ बढ़ रहा है। उनका कहना था कि डस्टबिन वितरण का टेंडर जिस एजेंसी या व्यक्ति को दिया गया है, उसी के माध्यम से वितरण कराया जाना चाहिए, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे और पर्यावरण मित्रों पर अतिरिक्त भार न पड़े।
उन्होंने नगर आयुक्त से सभी वार्डों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने तथा झिझाड़ और पांडेखोला वार्ड की अनदेखी समाप्त कर शीघ्र डस्टबिन उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में झिझाड़ वार्ड के पार्षद अमित साह (मोनू) और पांडेखोला वार्ड की पार्षद ज्योति साह शामिल रहीं।
