
अल्मोड़ा। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के अभियान के तहत सोमवार को एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को डिजिटल अरेस्ट सहित ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी साइबर सेल के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक मुदित वर्मा, कांस्टेबल सौरभ ग्वासाकोटी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, संदिग्ध लिंक, फर्जी लोन ऐप, ऑनलाइन इनाम, निवेश और पार्ट-टाइम नौकरी के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत, बैंकिंग या ओटीपी संबंधी जानकारी साझा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक की सत्यता जांचने के बाद ही उस पर कार्रवाई करने की सलाह दी गई। पुलिस टीम ने साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। साथ ही एमआरएम (मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल) के माध्यम से साइबर ठगी के मामलों में धनराशि वापस दिलाने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। छात्राओं से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया।

