
अल्मोड़ा। जिला बदर किए जाने के बावजूद बिना अनुमति अल्मोड़ा की सीमा में प्रवेश करने पर कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अजीम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट ने अजीम अंसारी पुत्र शफीक अंसारी निवासी मल्ला दनिया, राजपुरा, कोतवाली अल्मोड़ा के आपराधिक इतिहास और लगातार संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 2/3 के तहत छह माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए थे। पुलिस ने 17 जुलाई को आदेशों का पालन कराते हुए मोहल्ले में मुनादी कराई और आरोपी को जनपद अल्मोड़ा की सीमा से बाहर क्वारब होते हुए नैनीताल जनपद की सीमा तक छोड़ दिया था। साथ ही उसे स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि छह माह तक बिना सक्षम अनुमति के अल्मोड़ा जिले में प्रवेश नहीं करेगा। इसके बावजूद रविवार को आरोपी बिना अनुमति अल्मोड़ा में प्रवेश कर गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली अल्मोड़ा में एफआईआर संख्या 75/2026 के तहत धारा 3/10 गुंडा एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक आनंद बल्लभ कश्मीरा, हेड कांस्टेबल शिवराज सिंह, कांस्टेबल कुशाल राम और होमगार्ड विनोद कुमार की टीम ने अंजाम दिया।

