
अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में शनिवार को विवेकानंद इंटर कॉलेज, रानीधारा में ‘साइबर सुरक्षा’ विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह की ओर से किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपाय, साइबर फ्रॉड, घरेलू हिंसा अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, मानव तस्करी, दहेज निषेध अधिनियम तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में जानकारी दी गई। साइबर सेल के उपनिरीक्षक मुदित वर्मा और कांस्टेबल सौरभ ग्वासाकोटी ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, हैकिंग, साइबर बुलिंग तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। शिविर के उपरांत वृक्षारोपण अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य आलम सिंह उनियाल, अध्यापकगण, अधिकार मित्र भावना आर्या तथा गोविन्दी बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
