
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी रेड अलर्ट और अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली तथा अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून आशीष चौहान की ओर से जारी आदेश के अनुसार 20 जुलाई को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना है। संभावित आपदा के खतरे को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
