
बागेश्वर। कपकोट विकासखंड के मौनधुरा क्षेत्र में शनिवार शाम हुए भीषण भूस्खलन ने इलाके में दहशत फैला दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इसकी भयावहता स्पष्ट दिखाई दे रही है। वीडियो में पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढहता नजर आ रहा है, जबकि भारी मात्रा में मलबा, चट्टानें और मिट्टी तेज गति से नीचे की ओर बहती दिखाई दे रही है।
सौभाग्य से घटना के समय प्रभावित क्षेत्र में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार भूस्खलन की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। अचानक पहाड़ टूटने से आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। मौसम विभाग पहले ही प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी कर चुका है। लगातार वर्षा से पहाड़ों की मिट्टी कमजोर होने के कारण चट्टानों के खिसकने और बड़े भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मौनधुरा क्षेत्र भूगर्भीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है और मानसून के दौरान यहां पहले भी भूस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं। ताजा घटना के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।


