
देहरादून(आरएनएस)। सहस्रधारा रोड स्थित एटीएस कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक 68 वर्षीय बिल्डर ने अपने मकान की छत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें बीमारी से तंग आकर यह कदम उठाने की बात लिखी गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मयूर विहार चौकी इंचार्ज दीपक द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली कि एटीएस कॉलोनी में एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही मयूर विहार चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान एटीएस कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता (68) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि फंदे से उतारकर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे शिव गुप्ता ने पुलिस को बताया कि पिता के कपड़ों की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने अपनी बीमारी को इस कदम की वजह बताया है। वहीं, मृतक की पत्नी रमता गुप्ता व अन्य परिजनों ने पूछताछ में बताया कि प्रदीप काफी समय से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और उनका एक मनोचिकित्सक से इलाज भी चल रहा था। घटनास्थल का फील्ड यूनिट ने निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
