
नई टिहरी(आरएनएस)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में प्रसव के लिए पहुंची डुंडा गांव निवासी कुसुम को हायर सेंटर रेफर किया लेकिन महिला ने महज आठ किमी दूर ही बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को दून अस्पताल पहुंचाया गया जहां नवजात की हालत कमजोर होने पर उसे हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट रेफर किया गया है।
वहीं महिला को रेफर करने पर लोगों ने आक्रोश जताया है। उन्होंने विशेषज्ञ महिला डॉक्टर की तैनाती करने की मांग की। मामले को लेकर स्वास्थ्य शिविर के दौरान स्थानीय लोगों ने रोष जताया। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने गर्भवती को रेफर करने पर नाराजगी जताते हुए एसीएमओ डॉ. चंदन मिश्रा को जांच कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। थत्यूड़ की चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनीषा भारती ने बताया कि महिला सात माह की गर्भवती थी। समय से पूर्व प्रसव और जच्चा-बच्चा को संभावित खतरे को देखते हुए विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उसे हायर सेंटर रेफर करना पड़ा।
