
विकासनगर(आरएनएस)। शक्ति नहर में डूबे देहरादून निवासी युवक का शव पांच दिन बाद ढकरानी इंटेक के पास से बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की टीम ने शव को नहर से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। गुरुवार को कोतवाली विकासनगर पुलिस से एसडीआरएफ को सूचना मिली थी कि शक्ति नहर के ढकरानी इंटेक के समीप एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नहर से बाहर निकाला। शव की पहचान आकाश कुमार (34) पुत्र मदनलाल, निवासी बसंत विहार फेज-2, नगर निगम देहरादून के रूप में हुई। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि आकाश कुमार 11 जुलाई को शक्ति नहर में डूब गए था। इसके बाद से एसडीआरएफ की टीम लगातार नहर में सर्च अभियान चला रही थी। पांच दिन तक चले अभियान के बाद गुरुवार को उनका शव बरामद हुआ। कोतवाल ने बताया कि शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

