
देहरादून(आरएनएस)। साइबर ठगों ने ऑनलाइन पार्ट टाइम नौकरी और क्रिप्टो ट्रेडिंग का लालच दे अमन विहार निवासी ललित बोरा से 18.50 लाख रुपये ठग लिए। तहरीर पर रविवार को रायपुर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगों ने बेहद सुनियोजित तरीके से पीड़ित को अपने जाल में फंसाया। सबसे पहले एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर से संपर्क कर खुद को पिन स्टॉर्म वीवर्क कंपनी का प्रतिनिधि बताया गया और होटल रिव्यू का आसान काम दिया गया। विश्वास जीतने के लिए शुरुआती रिव्यू के बदले पीड़ित के बैंक खाते में यूपीआई से छोटी-छोटी रकम भेजी गई। भरोसा बनने के बाद ठगों ने पीड़ित को टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा और टास्क का पैटर्न बदल दिया। पीड़ित को एक फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट बिटगेट पर रजिस्टर कराकर क्रिप्टो ट्रेडिंग कराई गई। ट्रेडिंग के दौरान जानबूझकर अधिक खरीदें और कम खरीदें का भ्रम पैदा कर पीड़ित से गलत ट्रेड कराया गया। इसके बाद रकम फंसने का डर दिखाकर फॉल्ट रिपेयर टास्क के नाम पर लाखों रुपये जमा कराए गए। अंत में क्रेडिट स्कोर 80 से कम होने और ट्रांजेक्शन में क्रेडिट शब्द न लिखने जैसे अजीबोगरीब बहाने बनाकर कुल 18.50 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। आरोपी इसके बाद और रकम मांगते रहे। तब पीड़ित साइबर ठगी की कहानी समझ पाया। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जिन खातों में रकम जमा हुई और जिन मोबाइल नंबरों का उपयोग किया गया, उनकी जांच की जा रही है।
