
नैनीताल(आरएनएस)। नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर रविवार को भुजियाघाट क्षेत्र के पास आमने-सामने भिड़ंत के बाद एक बुलेट और कार खाई में गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची काठगोदाम पुलिस ने रेस्क्यू कर बुलेट सवार को खाई से बाहर निकाला, जबकि कार चालक मौके पर नहीं मिला। बुलेट चालक को एंबुलेंस की मदद से एसटीएच पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।काठगोदाम थाने के इंस्पेक्टर जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम को मौके पर रवाना किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुलेट ज्योलीकोट से हल्द्वानी आ रही थी। वहीं, कार हल्द्वानी से ज्योलीकोट की ओर जा रही था। भुजियाघाट क्षेत्र से करीब 200 मीटर पहले बाबा की कुटिया के समीप दोनों वाहनों में भिड़ंत हो गई। जिसके चलते बुलेट खाई की ओर गिर गई और उसके पीछे-पीछे कार भी खाई में जा गिरी। काठगोदाम थाने के एसएसआई धर्मेंद्र कुमार की अगुवाई में चीता मोबाइल टीम और आसपास के लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बुलेट चालक हल्द्वानी के भगवानपुर मुखानी निवासी पूरन चंद्र जोशी को खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से उसे एसटीएच पहुंचाया। इंस्पेक्टर जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि बुलेट चालक के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। मौके पर कार चालक नहीं मिला। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
