
हरिद्वार(आरएनएस)। गुरुवार अल सुबह से हो रही तेज बारिश के चलते लालढांग क्षेत्र के ग्राम दुधाला दयालवाला और गुजर बस्ती गेड़ीखाता में बाढ़ जैसे हालात बन गए। खेत-खलिहानों, गलियों और कई घरों में पानी भर गया। गेड़ीखाता में नाले के तेज बहाव से संपर्क मार्ग कट गया, जिससे 30 से अधिक परिवारों का संपर्क मुख्य मार्ग से टूट गया और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। बारिश का पानी घरों में घुसने से दर्जनभर ग्रामीणों का खाद्यान्न, भूसा और अन्य घरेलू सामान खराब हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से हर बरसात में उन्हें इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन प्रशासन स्थायी जल निकासी और बाढ़ नियंत्रण की व्यवस्था नहीं कर पाया है। ग्राम प्रधान बिस्मिल्ला ने बताया कि जल निकासी और बाढ़ नियंत्रण के लिए कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराया गया। मनरेगा के तहत तटबंध ब्लॉक का निर्माण भी शुरू हुआ था, लेकिन वह अधूरा रह गया। सूचना पर पहुंचे खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनी है। संपर्क मार्ग पर ट्रैक्टर के अलावा अन्य वाहनों का आवागमन बंद है। उन्होंने कहा कि गांव की सुरक्षा के लिए जंगल से आने वाले पानी को डायवर्ट करना जरूरी है। हालांकि जलभराव से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
