
पिथौरागढ़। नगर के जीजीआईसी आदर्श विद्यालय में 45 दिवसीय ताइक्वांडो प्रशिक्षण शुरू हो गया है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सीखाए जाएंगे। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य नंदा रावत ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण छात्राओं की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं। वर्तमान समय में देश में महिलाओं के साथ हिंसा की घटनाएं आए दिन देखने को मिल रही है। ऐसे में प्रशिक्षण पाकर छात्राएं किसी भी विषम परिस्थिति में अपना बचाव कर सकेंगी। उन्होंने सभी छात्राओं से पूरे मनोयोग से आत्मरक्षा की तकनीक सीखने को कहा है। भूगोल प्रवक्ता शहजादी गौंसिया ने कहा कि ताइक्वांडो प्रशिक्षण 45 दिन तक चलेगा। जिसमें छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकें सीखाई जाएगी। कहा पहले दिन छात्राओं को सामने और पीछे से वार करने वालों से निपटने का तरीका बताया गया।


