
चमोली(आरएनएस)। बदरीनाथ धाम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के एक कर्मचारी पर लगे आर्थिक हेराफेरी के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए समिति ने चार सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है। मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने समिति को एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।जांच समिति में विधि अधिकारी, मंदिर अधिकारी, प्रभारी अधिकारी (केदारनाथ) और वित्त नियंत्रक को शामिल किया गया है। सीईओ ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इसके लिए बदरीनाथ मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि मंदिर समिति ने जांच के मद्देनजर पिछले 40 दिनों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रख दी है ताकि आवश्यक साक्ष्यों का परीक्षण किया जा सके। बीते शुक्रवार को भैरव सेना के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने बीकेटीसी के सीईओ को ज्ञापन भेजकर मंदिर से जुड़े वित्तीय मामलों में अनियमितता और आर्थिक हेराफेरी का आरोप लगाया था। उन्होंने संबंधित कर्मचारी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। बीकेटीसी का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वित्तीय अनियमितता की खबरों से धाम की छवि हो रही खराब
बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में कथित तौर पर हुई हेराफेरी को लेकर बदरीश पंडा पंचायत ने भी मामले की उच्च स्तरीय समिति से जांच कराने की मांग की है। समिति ने बीकेटीसी अध्यक्ष को भेजे पत्र में कहा कि लगातार आ रही वित्तीय अनियमितता की खबरों से बदरीनाथ की छवि खराब हो रही है।बदरीश पंडा पंचायत के अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी की ओर से भेजे पत्र में कहा है कि दोषी व्यक्तियों व कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि धाम में पिछले कुछ महीनों से वित्तीय अनियमितता की खबरों आ रही हैं। इसमें कुछ लोगों की ओर से पैसा लेकर दर्शन करवाने के आरोपों की शिकायत आ रही है। बदरीनाथ सनातन धर्म की आस्था का मुख्य स्तंभ है, ऐसी चर्चाओं से बदरीनाथ धाम की गरिमा को देश-विदेश में नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही धार्मिक मान्यताओं और सनातन परंपराओं पर भी कुठाराघात है। उन्होंने कहा कि धाम से जुड़े इस मुद्दे को लेकर पंडा समाज के लोगों में भारी रोष है। उन्होंने बीकेटीसी अध्यक्ष की ओर से जांच समिति गठित करने का स्वागत किया है। साथ ही उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।
लीपापोती करने का प्रयास न हो: बदरीश संयुक्त संघर्ष समिति के प्रवक्ता मंदीप भंडारी ने बयान जारी कर कहा कि बदरीनाथ में चल रहे चढ़ावे में हेराफेरी विवाद को लेकर समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री और बीकेटीसी अध्यक्ष को ज्ञापन भेजा गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सूचनाओं से बदरीनाथ धाम का समाज, पूरा सनातन समाज, हक-हकूकधारी सहित सभी की आस्था को गहरी चोट पहुंची है। मांग उठाई कि इस मामले में जल्द से जल्द सही खुलासा किया जाए। एलान किया कि यदि मामले में लीपापोती करने की कोशिश होती है तो बदरीश संयुक्त संघर्ष समिति सड़कों पर उतरेगी।

