
रुद्रपुर(आरएनएस)। हैकर ने एक कंपनी की ईमेल आईडी हैक कर कंपनी के खाते में आने वाले भुगतान की राशि दूसरे खाते में ट्रांसफर करवा 4.20 लाख की साइबर ठगी कर ली। तहरीर पर पंतनगर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ओमेक्स रिवेरा, पंतनगर निवासी एवं हरिओम बायोफूड प्रोडक्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संचालक कपिल सुखीजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी को चेन्नई स्थित जीटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से माल का ऑर्डर प्राप्त हुआ था। इसका भुगतान उनकी कंपनी के एसबीआई में खोले गए बैंक खाते में किया जाना था। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने उनकी कंपनी की ईमेल आईडी हैक कर एसबीआई के उनके कंपनी खाते नंबर की जगह आईडीबीआई बैंक का दूसरा खाता नंबर अपडेट कर दिया। वहीं जब जीटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने 26 जून को अपने कोटक महिंद्रा बैंक खाते से 4.20 लाख रुपये की धनराशि डाली तो यह राशि हैकर के संशोधित किए गए बैंक खाते में ट्रांसफर हो गई। थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि कंपनी स्वामी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
