
अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को ऑनलाइन माध्यम से जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी चरणों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद अल्मोड़ा में गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र किसी कारणवश बीएलओ को प्राप्त नहीं हो सके हैं, उन्हें फिलहाल असंग्रहित (अनकलेक्टेबल) श्रेणी में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मतदाताओं के पास अभी भी अपना गणना प्रपत्र जमा करने का अवसर उपलब्ध है। वे वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उपलब्ध अपने विवरण के आधार पर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से गणना प्रपत्र भर सकते हैं या संबंधित बीएलओ को जमा कर सकते हैं। बैठक में असंग्रहित श्रेणी के मतदाताओं के पुनः सत्यापन पर विशेष जोर देते हुए सभी उप जिलाधिकारियों, ईआरओ और एईआरओ को निर्देश दिए गए कि बीएलओ स्तर पर ऐसे मामलों की दोबारा समीक्षा कराई जाए और प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के आगामी चरणों की सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समस्त कार्य समयबद्ध ढंग से संपन्न किए जा सकें।


