
हरिद्वार(आरएनएस)। धर्मनगरी में बुधवार को मानसून की पहली बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। इस दौरान सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में बड़ी परेशानी हुई। कई लोगों के वाहन सड़क पर जमा पानी में फंस कर खराब हो गए। जलभराव की वजह से भगत सिंह चौक पर वाहनों की आवाजाही डेढ़ घंटा बाधित रही। पुराना रानीपुर मोड़ पर जाम में फंस कर लोगों को दिक्कत हुई। पुराने औद्योगिक क्षेत्र, उत्तरी हरिद्वार की कई कालोनियों, मोतीचूर दूधाधारी मुख्य मार्ग और जगजीतपुर में टूटी सड़कों पर बारिश में कीचड़ बन गया। इस दौरान कीचड़ में लोग फिसल कर गिरने से चोटिल हो गए। आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को हरिद्वार में दो एमएम, लक्सर में आठ एमएम, रोशनाबाद में 22 एमएम और रुड़की में 19 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
बुधवार को सुबह के समय बारिश में हरिद्वार, ज्वालापुर और कनखल की सड़कों पर जलभराव की समस्या बन गई। इस दौरान स्कूली बच्चों, अभिभावकों, कर्मचारियों और अपने जरूरी कार्यों से जाने वाले लोगों को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ी। सड़कों पर लोग जलभराव से होकर बारिश में भीगते हुए गुजरने की मजबूर रहे। बारिश की वजह से सुबह के समय बाजार देरी से खुले। दुकानदार को भी अपनी दुकानों तक पहुंचने के लिए बारिश रुकने की प्रतीक्षा करनी पड़ी। इस दौरान दुकानों के आगे पानी, कूड़ा और कचरा जमा हो गया। सड़कों से पानी की निकासी होने के बाद व्यापारियों को दुकानों के आगे जमा कचरे और कूड़े को साफ करना पड़ा। ज्वालापुर के कटहरा बाजार, पीठ बाजार, चौक बाजार, गुरुद्वारा रोड़, पुरानी सब्जी मंडी, सुभाषनगर में सड़कों पर जलभराव की समस्या बनी। साथ ही कनखल की रविदास बस्ती, लाटोवाली, कनखल थाना रोड और ज्वालापुर रोड पर जलभराव से लोग परेशान रहे। वहीं शहर में सीवर लाइन डालने के बाद कई सड़कों की मरम्मत नहीं हो सकी। इस कारण बारिश के बीच टूटी सड़कों पर कीचड़ बन गया। कीचड़ से गुजरने पर लोग फिसल कर गिरते रहे। पुराने औद्योगिक क्षेत्र में एक लोडर वाहन कीचड़ में फंस गए। मोतीचूर दुधाधरी मुख्य मार्ग पर दो लोग और जगजीतपुर तीन लोग दोपहर तक दोपहियां वाहन कीचड़ में फिसलने से गिर गए।
