
देहरादून(आरएनएस)। जमीन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.32 करोड़ रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने करीब डेढ़ साल तक पीड़ित को जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर गुमराह किया। पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो तो आरोपियों ने खुद को बड़ा बदमाश बताते हुए शूटरों से हत्या करवाने की धमकी दी। प्रेमनगर थाने में सोमवार को चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रेमनगर स्थित विष्णु विहार, ठाकुरपुर रोड निवासी अमन बंसल मूलरूप से इमामबाड़ा, मुजफ्फरनगर, यूपी के रहने वाले हैं। बताया कि उनकी मुलाकात रियल एस्टेट सौदे के संबंध में पूरन सिंह, सुरेंद्र सिंह, गुरदीप सिंह और मोनू खान से हुई थी।इन लोगों ने उन्हें प्रेमनगर क्षेत्र में दो अलग-अलग जमीनें दिखाईं और फर्जी दस्तावेज दिखाकर खुद को उनका मालिक बताया। विश्वास में आकर अमन ने आरोपियों को अलग-अलग किश्तों में कुल 1.32 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया। इसमें से 97 लाख रुपये गुरदीप सिंह और 2 लाख रुपये पूरन सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए, जबकि 33 लाख रुपये नकद दिए गए। पैसे मिलने के बाद आरोपी करीब डेढ़ साल तक रजिस्ट्री करने का झांसा देते रहे। इसके बाद भी जमीन नहीं मिली तो पीड़ित ने रकम वापस करने का दबाव बनाया। इस पर आरोपी भड़क गए। उन्होंने पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि उनके पास शूटर हैं और गोली मरवा देंगे। अमन बंसल का आरोप है कि ये सभी व्यक्ति एक संगठित गिरोह बनाकर काम करते हैं और पहले भी कई लोगों को इसी तरह अपना शिकार बना चुके हैं। इंस्पेक्टर प्रेमनगर नरेश राठौर ने बताया कि पूरन सिंह, सुरेंद्र सिंह, गुरदीप सिंह और मोनू खान के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
