
विकासनगर(आरएनएस)। जौनसार-बावर की समृद्ध लोक संस्कृति और आस्था के प्रतीक महासू देवता का आशीर्वाद मंगलवार को कालसी ब्लॉक के सुरेऊ गांव में देखने को मिला। शिलगांव खत के पंचरा स्थित महासू देवता मंदिर से देवता की देव छड़ी और डोरिया एक रात्रि प्रवास के लिए सुरेऊ गांव पहुंची।सुरेऊ गांव निवासी सूरत सिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने कई वर्ष पूर्व अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए पंचरा स्थित महासू देवता मंदिर में मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने पर परंपरा के अनुसार उन्होंने महासू महाराज को एक रात के लिए अपने घर आमंत्रित किया। सोमवार को सूरत सिंह चौहान ग्रामीणों के साथ मंदिर पहुंचे और देवता को न्योता दिया, जिसके बाद मंगलवार को विधिवत देव छड़ी और डोरिया को मंदिर से बाहर लाया गया।जैसे ही देव छड़ी और डोरिया सुरेऊ गांव पहुंची, पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूब गया। परिवार की महिलाओं ने धूप-दीप जलाकर और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देव छड़ी का स्वागत किया। शुभ मुहूर्त में महासू देवता ने सूरत सिंह चौहान के घर प्रवेश किया, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस धार्मिक आयोजन में महासू देवता के पुजारी शुभम शर्मा, अनिल शर्मा, भंडारी कुंवर सिंह चौहान और रमेश चौहान, देवता के वजीर दिगम्बर सिंह राणा, शिलगांव खत के सदर स्याणा तुलसीराम शर्मा, तुलसी सिंह चौहान, देवमाली कल सिंह चौहान, लाल सिंह चौहान, धान सिंह चौहान, प्रताप सिंह राणा, मायाराम बिष्ट, जवाहर सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
