
अल्मोड़ा। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला कोतवाली अल्मोड़ा की टीम ने कसार देवी में आयोजित कसार जात्रा और चितई पंत गांव में जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्परिणाम और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। प्रभारी महिला कोतवाली जानकी भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं को विद्यालय भेजने और नाबालिगों के विवाह नहीं कराने का संदेश दिया। महिलाओं और युवाओं को पॉक्सो एक्ट, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, घरेलू हिंसा, महिला अपराधों से बचाव तथा कानूनी अधिकारों एवं पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि घरेलू हिंसा, मारपीट, छेड़छाड़ या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें। वहीं साइबर ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन निवेश और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक करते हुए किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। जागरूकता अभियान में अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद, महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी, अनीता सैनी और कविता रानी मौजूद रहीं।
