
अल्मोड़ा। पांच दिवसीय कसार जात्रा फेस्टिवल 2026 का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में विधायक मनोज तिवारी और राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त गंगा बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
समापन समारोह में महिलाओं और पुरुषों की रस्साकसी प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। फेस्टिवल के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथियों ने सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने वेस्ट मैनेजमेंट के माध्यम से की गई आकर्षक सजावट और पूरे आयोजन के दौरान बनाए रखी गई स्वच्छता व्यवस्था की सराहना की। साथ ही सफल पैराग्लाइडिंग गतिविधि को क्षेत्र के पर्यटन और स्थानीय रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। आयोजन समिति की ओर से विभु कृष्णा ने बताया कि फेस्टिवल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, एकल उद्यमियों और स्थानीय युवाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का बेहतर मंच मिला। इससे उन्हें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों और कंपनियों से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल ने युवाओं को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य भी किया। समापन समारोह में कोक स्टूडियो फेम कमला देवी ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। वहीं टीम देवस्थली के मुखौटा नृत्य और कुमाऊंनी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। लोकधुनों पर उपस्थित लोगों ने भी जमकर उत्साह दिखाया और देर तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
