
अल्मोड़ा। पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए सोमवार को परिवहन विभाग और अल्मोड़ा यातायात पुलिस ने लोधिया क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान में एआरटीओ अखिलेश चौहान और प्रभारी इंटरसेप्टर सुमित पांडे के नेतृत्व में पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, तीन सवारी, ओवरस्पीडिंग सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने की अपील की।
