
बागेश्वर(आरएनएस)। नशा मुक्त जिला अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने सोमवार को 962 ग्राम अवैध चरस के साथ नैनीताल और अल्मोड़ा के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी सीज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि कोतवाली पुलिस की टीम आरे-द्यांगड़ बाईपास रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान वाहन संख्या यूके-04-टीबी-8754 (स्विफ्ट कार) की तलाशी लेने पर 962 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 23 वर्षीय राजू आर्या निवासी मल्लीताल, नैनीताल, 21 वर्षीय वीरेंद्र कुमार निवासी तल्लीताल, नैनीताल तथा 23 वर्षीय युगराज कुमार निवासी भैसाड़ी, थाना दन्या, अल्मोड़ा को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
