
हरिद्वार(आरएनएस)। उपनगरी ज्वालापुर के धीरवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात मरम्मत काम करने पहुंचे ऊर्जा निगम के कर्मचारियों के साथ क्षेत्र के लोगों ने धक्का मुक्की कर दी। आरोप है कि जेई के साथ भी फोन पर अभद्र भाषा का उपयोग किया गया। मौके पर लोगों ने हंगामा करते हुए कर्मचारियों की मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली। इसके बाद कर्मचारियों ने पुलिस को मौके पर बुलाया। मामले में ऊर्जा निगम संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहा है। शनिवार देर रात 11 बजे धीरवाली क्षेत्र में विद्युत तारों में आग लग गई। इसके बाद क्षेत्र में बिजली की सप्लाई बाधित हो गई। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने कुछ समय बाद आपूर्ति बहाल भी कर दी। लेकिन लाइन में दोबारा तकनीकी दिक्कत आने से टीम को फिर से कार्य में जुटना पड़ा। आरोप है कि क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि ने क्षेत्र के लोगों को उकसाना शुरू कर दिया। मौके पर कर्मचारी सुनील के साथ धक्का-मुक्की की गई। दबाव बनाया कि जब तक चाकलान क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती। तब तक अन्य इलाकों की विद्युत आपूर्ति भी शुरू नहीं होने दी जाएगी। आरोप है कि जब ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने अन्य क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया। तो कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान जेई मुकेश रवि के साथ भी फोन पर गन्दी भाषा में बात की गई। मौके पर हालात इतने बिगड़े कि कर्मचारियों को पुलिस की सहायता लेनी पड़ी। विवाद और दबाव के चलते रात 11:30 बजे से लेकर रविवार को पूरा दिन शहर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी।
मामले को गंभीरता से लिया गया है। एसडीओ और जेई को पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विवाद और कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। – रवि कुमार, अधिशासी अभियंता

