
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के के निर्देशन में “नशा मुक्त भारत अभियान–विकसित भारत की पहचान” के तहत नशा मुक्त सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को महिला कोतवाली और चौखुटिया पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान महिलाओं, व्यापारियों, टैक्सी चालकों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की गई। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह एवं सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में महिला कोतवाली प्रभारी जानकी भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय महिलाओं को जागरूक किया। वहीं चौखुटिया कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने आरती घाट क्षेत्र में व्यापार मंडल प्रतिनिधियों और टैक्सी चालकों के साथ जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस टीम ने लोगों से अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही मानस हेल्पलाइन 1933, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी साझा की गई। अभियान के दौरान महिलाओं और युवाओं को साइबर अपराध, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, पॉक्सो अधिनियम तथा घरेलू उत्पीड़न से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट, छेड़छाड़ या घरेलू हिंसा की स्थिति में तत्काल 112 पर सूचना दें। वहीं साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

