
अल्मोड़ा। क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल अल्मोड़ा में गाँधी जयंती पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता शपथ ग्रहण एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप-महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल ने की। इस अवसर पर क्षेत्रक मुख्यालय के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने स्वच्छता की शपथ लेकर कार्यस्थल, परिसर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इसके साथ ही परिसर में पौधारोपण कर स्वच्छ वातावरण, स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उप-महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल ने कार्मिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों को नियमित रूप से स्वच्छ रखने की आदत को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी प्रशासन तपन कुमार दास, उप-कमांडेंट संचार रविनन्द झा, उप-कमांडेंट सामान्य विपिन कुमार कटारा, सहायक अभियंता नवजित दास सहित अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
