
अल्मोड़ा। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) योजना के तहत जिला चयन समिति ने अधिकांश पात्र आवेदनों को स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पर्यटन स्वरोजगार योजना के गैर वाहन मद के 11 और वाहन मद के 12 आवेदन प्रस्तुत किए गए। गैर वाहन मद के सभी 11 आवेदनों को स्वीकृति दी गई। वाहन मद में दो आवेदक अनुपस्थित रहे, जबकि उपस्थित 10 आवेदकों के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
होम स्टे योजना के तहत समिति के समक्ष 25 आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें दो आवेदक अनुपस्थित रहे। उपस्थित 23 आवेदकों में से 21 आवेदनों को स्वीकृति दी गई, जबकि दो आवेदनों को मानचित्र में आवश्यक संशोधन के बाद सशर्त स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक के दौरान सभी आवेदकों का साक्षात्कार लिया गया तथा उनके प्रस्तावों का परीक्षण किया गया। समिति ने योजनाओं के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्णय लेते हुए पात्र आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी प्रकाश सिंह खत्री, उप संभागीय परिवहन अधिकारी रश्मि भट्ट, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और आवेदक उपस्थित रहे।
