
अल्मोड़ा। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से रविवार को आयोजित स्नातक स्तरीय विभिन्न पदों की लिखित पुनर्परीक्षा जनपद के 33 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं तथा सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष प्रबंध किए गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद में कुल 8,171 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 4,398 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 3,773 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में कुल उपस्थिति 53.82 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा के दौरान आयोग और शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
जिला प्रशासन के अनुसार किसी भी परीक्षा केंद्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना, गड़बड़ी अथवा व्यवधान की सूचना प्राप्त नहीं हुई और परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई गई।
