
हरिद्वार(आरएनएस)। जनपद में यात्रियों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने लग्जरी एवं यात्री बसों के खिलाफ बड़ा प्रवर्तन अभियान चलाया। सोमवार के जिलाधिकारी के निर्देश पर संचालित इस विशेष अभियान में 45 बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर छह बसों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा पांच वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र निरस्त करने की संस्तुति सक्षम प्राधिकारी को भेजी गई है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान का संचालन सहायक एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा और एआरटीओ कृष्णा पलारिया के नेतृत्व में किया गया। परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों, इंटरसेप्टर वाहनों और तकनीकी निरीक्षण दलों ने राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख यात्री मार्गों और बस अड्डों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, कर अदायगी, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास व्यवस्था सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच की गई। कई वाहनों में तकनीकी और वैधानिक कमियां मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 45 बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर छह बसों को सीज किया गया।
